कर्मचारी भविष्य निधि संगठन EPFO अपने सदस्यों के लिए सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की तैयारी में है। जल्द ही सदस्य BHIM ऐप के माध्यम से प्रोविडेंट फंड से तुरंत पैसा निकाल सकेंगे, जिससे प्रक्रिया तेज और आसान हो जाएगी।
EPFO सदस्यों के लिए नई डिजिटल सुविधा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह नई सुविधा ATM से पैसे निकालने की तरह काम करेगी। इसका मकसद सदस्यों को जरूरत के समय तुरंत अपने PF कॉर्पस तक पहुंच देना है, जिससे लंबी प्रक्रिया और इंतजार से राहत मिलेगी।इस पहल के लिए EPFO, भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) के साथ मिलकर काम कर रहा है। इस सुविधा के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और विशेष परिस्थितियों के लिए PF एडवांस सीधे UPI से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा।

दो से तीन महीनों में शुरू हो सकती है सेवा
रिपोर्ट के मुताबिक, BHIM ऐप के जरिए PF से तुरंत पैसा निकालने की सुविधा अगले दो से तीन महीनों में शुरू की जा सकती है। शुरुआती चरण में यह फीचर केवल BHIM ऐप पर उपलब्ध होगा, जिसे बाद में अन्य UPI ऐप्स तक बढ़ाया जा सकता है।सूत्रों के अनुसार, PF क्लेम दर्ज होने के बाद EPFO उसकी जांच और पुष्टि करेगा। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के माध्यम से राशि को मंजूरी दी जाएगी और पैसा सीधे सदस्य के UPI-लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।अधिकारियों का कहना है कि इस सुविधा के तहत पूरी PF राशि निकालने की अनुमति नहीं होगी। RBI द्वारा तय UPI लिमिट और सुरक्षा कारणों से शुरुआती दौर में निकासी की अधिकतम सीमा तय की जाएगी, जो अभी अंतिम रूप में नहीं है।
भविष्य में अन्य UPI ऐप्स तक विस्तार संभव
हालांकि फिलहाल यह सुविधा केवल BHIM ऐप तक सीमित रहेगी, लेकिन भविष्य में इसे फोनपे, पेटीएम और अन्य UPI आधारित ऐप्स पर भी उपलब्ध कराने की योजना है।






