P.M. Narendra Modi शनिवार को अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान सोमनाथ पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और ‘ॐकार मंत्र’ के जाप में सहभागिता की। पीएम मोदी ने मंदिर परिसर में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के धार्मिक अनुष्ठानों में भी भाग लिया।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अनुष्ठानों में भागीदारी
P.M. Narendra Modi ने इस मौके पर आयोजित भव्य ड्रोन शो के आकर्षण को देखा । लगभग 3000 ड्रोन की मदद से अरब सागर के ऊपर आसमान में रोशनी के जरिए भगवान शिव, शिवलिंग और सोमनाथ मंदिर की भव्य आकृतियां उकेरी गईं। ड्रोन शो में सोमनाथ मंदिर का शानदार 3डी चित्रण भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।ड्रोन लाइट्स के समन्वय से वीर हमीरजी, अहिल्याबाई होल्कर, सरदार वल्लभभाई पटेल, सोमनाथ पर हुए ऐतिहासिक आक्रमण, ‘स्वाभिमान पर्व’ का लोगो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आकृति भी दिखाई गई। इन सभी चित्रों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आत्मसम्मान और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

ड्रोन शो में दिखी संस्कृति और स्वाभिमान की झलक
करीब 15 मिनट तक चले इस ड्रोन शो को 40 प्रशिक्षित ड्रोन ऑपरेटरों ने संचालित किया। शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मंदिर परिसर में मौजूद रहे और उन्होंने इस अद्भुत प्रस्तुति की सराहना की। ड्रोन शो के बाद समुद्र तट पर भव्य आतिशबाजी हुई, जिससे पूरा इलाका रोशनी और उत्साह से भर गया।इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का गिर सोमनाथ जिले के वेरावल के पास स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। मंदिर तक जाते समय सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पीएम मोदी का अभिवादन करने के लिए मौजूद थे।
हेलीपैड पर हुआ पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि सोमनाथ आकर उन्हें गर्व और आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने सोमनाथ को भारत की सभ्यतागत शक्ति और साहस का प्रतीक बताया और कहा कि उनकी यह यात्रा ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के दौरान हो रही है।पीएम मोदी ने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 1026 में सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण हुआ था और इस वर्ष उस घटना के एक हजार वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में यह विशेष आयोजन किया गया है, ताकि मंदिर की रक्षा में बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी जा सके।
हजार साल पुराने इतिहास की स्मृति
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वीवीआईपी सर्किट हाउस में सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता भी की। बैठक में मंदिर परिसर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और तीर्थयात्रियों के अनुभव को और सुविधाजनक बनाने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।






