LPG सिलिंडर आज से फरवरी महीने की शुरुआत हो चुकी है और इसी दिन देश का आम बजट 2026 भी पेश किया जा रहा है। लेकिन बजट से पहले ही आम जनता और कारोबारियों को महंगाई का झटका लगा है। देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने LPG सिलेंडर के दामों को अपडेट कर दिया है, जो आज यानी 1 फरवरी से लागू हो गए हैं।
LPG गैस सिलेंडर, हर महीने की पहली तारीख को तय होते हैं दाम
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत फरवरी के पहले दिन भी दामों में बदलाव किया गया है। इस बार बदलाव खास तौर पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में देखने को मिला है।
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा
सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में करीब 50 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे-बड़े कारोबारियों पर पड़ेगा, जो रोजमर्रा के कामकाज में कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं।

मेट्रो शहरों में आज से लागू नए रेट
नई कीमतें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े महानगरों में आज से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 1740.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1691.50 रुपये था।
मुंबई में इसकी कीमत 1642.50 रुपये से बढ़कर 1692 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में यह सिलेंडर 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये का हो गया है। चेन्नई में सबसे ज्यादा कीमत दर्ज की गई है, जहां यह 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये हो गया है।
बजट डे पर कारोबारियों पर बढ़ा बोझ
बजट 2026 के दिन एलपीजी सिलेंडर महंगा होना कारोबारियों के लिए चिंता का कारण बन गया है। होटल और फूड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि लागत बढ़ने से मुनाफे पर असर पड़ेगा, जिसका बोझ आगे चलकर ग्राहकों पर भी पड़ सकता है।
साल 2026 में दूसरी बार बढ़े दाम
यह साल 2026 में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले जनवरी महीने में भी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले सिलेंडर के दामों में करीब 111 रुपये की बढ़ोतरी की थी।
जनवरी में दिल्ली में इसकी कीमत 1580 रुपये से बढ़कर 1691.50 रुपये हो गई थी। कोलकाता में यह 1684 रुपये से बढ़कर 1795 रुपये पहुंच गई थी। मुंबई और चेन्नई में भी इसी तरह बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली थी।
घरेलू LPG सिलेंडर से मिली राहत
हालांकि इस बढ़ोतरी के बीच आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर भी है। तेल कंपनियों ने 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। घरेलू सिलेंडर के दाम पिछले साल 8 अप्रैल 2025 से स्थिर बने हुए हैं।






