हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली Riddhima Kaushik ने भारतीय खेल जगत को गर्व से भर दिया है। वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ किक बॉक्सिंग ऑर्गनाइजेशन (WAKO) द्वारा जारी ताजा विश्व रैंकिंग में रिद्धिमा ने पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ वह न सिर्फ दुनिया की नंबर-1 किक बॉक्सर बनी हैं, बल्कि भारत से यह मुकाम हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी भी बन गई हैं।
उनकी इस ऐतिहासिक कामयाबी के बाद खेल जगत, स्थानीय प्रशासन और आम लोगों की ओर से लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है।
Riddhima Kaushik देश की पहली वर्ल्ड नंबर-1 किक बॉक्सर
Riddhima Kaushik की यह उपलब्धि भारतीय किक बॉक्सिंग के लिए मील का पत्थर मानी जा रही है। अब तक भारत के किसी भी खिलाड़ी ने WAKO की विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल नहीं किया था। ऐसे में रिद्धिमा की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए नई राह खोलने वाली है।विशेषज्ञों का मानना है कि यह रैंकिंग भारत में किक बॉक्सिंग जैसे खेलों को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।
ईटीवी भारत से बातचीत में रिद्धिमा ने साझा किया सफर
रिद्धिमा कौशिक की इस बड़ी उपलब्धि के बाद ईटीवी भारत की टीम उनके फरीदाबाद स्थित घर पहुंची। बातचीत के दौरान रिद्धिमा ने अपनी मेहनत, संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए।उन्होंने बताया कि वह पिछले नौ वर्षों से लगातार किक बॉक्सिंग का अभ्यास कर रही हैं और इस दौरान उन्होंने अनगिनत मुकाबले खेले हैं।

9 साल की मेहनत, मेडल्स की लंबी फेहरिस्त
रिद्धिमा ने बातचीत में कहा,
“मैं पिछले 9 सालों से किक बॉक्सिंग की प्रैक्टिस कर रही हूं। इस दौरान मैंने कई मेडल जीते हैं। मुझे ठीक-ठीक याद भी नहीं कि कुल कितने मेडल हैं, लेकिन लगभग 6 गोल्ड मेडल इंटरनेशनल लेवल पर और 4 गोल्ड मेडल नेशनल लेवल पर हैं।”






