भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा, जिन्हें I.S. Bindra के नाम से जाना जाता था, का रविवार 25 जनवरी को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से भारतीय क्रिकेट प्रशासन ने अपने सबसे प्रभावशाली और दूरदर्शी नेताओं में से एक को खो दिया।
I.S. Bindra का BCCI और PCA में लंबा नेतृत्वकाल
I.S. Bindra ने 1993 से 1996 तक BCCI अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके अलावा, वे पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) से लगभग तीन दशकों तक जुड़े रहे। 1978 से 2014 तक उनका PCA के साथ जुड़ाव रहा, जहां उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और बुनियादी ढांचे के विकास में अहम भूमिका निभाई।
क्रिकेट जगत से श्रद्धांजलि
उनके निधन पर BCCI और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने शोक व्यक्त किया। ICC चेयरमैन जय शाह ने उन्हें भारतीय क्रिकेट प्रशासन का स्तंभ बताते हुए गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। BCCI ने भी आधिकारिक बयान में उनके परिवार और करीबियों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की।क्रिकेट प्रशासन में रहते हुए बिंद्रा ने आधुनिक क्रिकेट ढांचे को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान को सम्मान देते हुए 2015 में मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम का नाम बदलकर I.S. बिंद्रा स्टेडियम रखा गया।

बेबाक विचारों के लिए पहचाने गए
यह केवल प्रशासक ही नहीं, बल्कि अपने स्पष्ट और निर्भीक विचारों के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने भारतीय क्रिकेट में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया और IPL 2013 भ्रष्टाचार मामले में BCCI के तत्कालीन रवैये की खुलकर आलोचना की थी।






