अगर आपको अपना पुराना Gmail एड्रेस पसंद नहीं है, तो अब चिंता की जरूरत नहीं। गूगल ने एक नई सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए यूज़र्स बिना Google अकाउंट डिलीट किए अपना @gmail.com ईमेल एड्रेस बदल सकते हैं।
Gmailअब तक क्यों था मुश्किल
अब तक Gmail यूज़र के लिए ईमेल आईडी बदलना लगभग नामुमकिन था। प्रोफेशनल या नया यूज़रनेम चाहिए होता तो एकमात्र विकल्प नया अकाउंट बनाना ही था। हालांकि, थर्ड-पार्टी ईमेल से जुड़े Google अकाउंट्स में यह सुविधा पहले से मौजूद थी।

धीरे-धीरे हो रहा है रोलआउट
गूगल ने इस फीचर को पिछले साल के आखिर में चरणबद्ध तरीके से लॉन्च करना शुरू किया था। शुरुआत में यह कुछ भाषाओं तक सीमित था, लेकिन अब इसे आधिकारिक अंग्रेज़ी सपोर्ट पेज पर भी शामिल कर लिया गया है। भारत में भी कई यूज़र्स को यह विकल्प दिखने लगा है।
पुराना ईमेल रहेगा सुरक्षित
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि ईमेल एड्रेस बदलने के बाद भी आपका पुराना Gmail पूरी तरह बंद नहीं होगा। गूगल उसे एक एलियस के रूप में रखेगा, जिससे पुराने पते पर आए सभी मेल नए एड्रेस के साथ उसी इनबॉक्स में मिलते रहेंगे।
ऐसे बदलें अपना @gmail.com एड्रेस
- अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर Google Account के My Account सेक्शन में जाएं
- बाईं ओर दिए गए मेनू में Personal info पर क्लिक करें
- Email कार्ड चुनें
- Change your Google Account email address विकल्प पर टैप करें
- नया यूज़रनेम डालें और बदलाव कन्फर्म करें
बदलाव से जुड़ी जरूरी सीमाएं
गूगल ने इस सुविधा के साथ कुछ सीमाएं भी तय की हैं। यूज़र 12 महीनों में सिर्फ एक बार Gmail एड्रेस बदल सकते हैं और कुल मिलाकर यह प्रक्रिया केवल तीन बार ही की जा सकेगी। इसलिए नया यूज़रनेम सोच-समझकर चुनने की सलाह दी गई है।
छोटे बदलाव हो सकते हैं
Gmail एड्रेस बदलने के बाद कुछ सेटिंग्स अस्थायी रूप से बदल सकती हैं, जैसे बैकग्राउंड रीसेट होना या चैट टैब गायब दिखना। गूगल के अनुसार, यह सामान्य है और बाद में इन्हें फिर से सेट किया जा सकता है।






