खरमास की समाप्ति के बाद CM Nitish Kumar ने गुरुवार, 16 जनवरी से अपनी 16वीं समृद्धि यात्रा की शुरुआत कर दी है। इस बार भी यात्रा की शुरुआत परंपरा के अनुसार चंपारण से की गई है। पहले दिन मुख्यमंत्री पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया पहुंचे।
CM Nitish Kumar :बेतिया को मिली 182 करोड़ की सौगात
बेतिया में CM Nitish Kumar ने करीब 182 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 161 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे बेतिया पहुंचे और वहीं से पहले चरण की समृद्धि यात्रा का औपचारिक आगाज़ किया।

पहले चरण में 9 जिलों का दौरा
समृद्धि यात्रा का पहला चरण 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री बिहार के 9 जिलों का दौरा करेंगे और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे।यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री लगातार आम लोगों के बीच रहेंगे। वे न सिर्फ विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे, बल्कि विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत के लिए जनता का आभार भी व्यक्त करेंगे।
निशांत कुमार की बिहारवासियों से अपील
मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार ने भी लोगों से समृद्धि यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरे बिहार के लिए है और सभी बिहारवासियों को इसमें सहभागी बनकर समृद्ध बिहार के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
8 दिनों में 9 जिलों का कार्यक्रम
कार्यक्रम के अनुसार—
- 16 जनवरी: पश्चिम चंपारण
- 17 जनवरी: पूर्वी चंपारण
- 19 जनवरी: सीतामढ़ी और शिवहर
- 20 जनवरी: गोपालगंज
- 21 जनवरी: सिवान
- 22 जनवरी: सारण
- 23 जनवरी: मुजफ्फरपुर
- 24 जनवरी: वैशाली
चार प्रमुख गतिविधियों पर रहेगा फोकस
समृद्धि यात्रा के दौरान चार तरह के मुख्य कार्यक्रम होंगे—
- सात निश्चय योजनाओं समेत अन्य परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण
- नई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
- जिला स्तरीय समीक्षा बैठक
- जन संवाद कार्यक्रम
कड़े सुरक्षा इंतजाम
यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ मंत्री, प्रभारी मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि और शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे ताकि विकास योजनाओं की प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन हो सके।
बजट सत्र के कारण लगेगा विराम
बिहार विधानसभा का बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू होने वाला है, ऐसे में समृद्धि यात्रा को फिलहाल पहले चरण के बाद रोक दिया जाएगा। आगे के चरणों का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।





