नए साल की शुरुआत में बिहार सरकार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar अहम फैसले लेने जा रहे है। राज्य मंत्रिमंडल की पहली बैठक 13 जनवरी 2026, मंगलवार को सुबह 11 बजे मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में होगी। इसमें दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत सभी मंत्री शामिल होंगे।
Nitish Kumar की समृद्धि यात्रा से पहले रणनीतिक चर्चा
यह बैठक मुख्यमंत्री Nitish Kumar की समृद्धि यात्रा से ठीक तीन दिन पहले हो रही है, जो 16 जनवरी 2026 से शुरू होगी। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जिलों में जाकर योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करेंगे। कैबिनेट बैठक में विकास, रोजगार, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक सुधारों पर अहम मंथन होने की संभावना है।

पिछली बैठक में सात निश्चय-3 को मंजूरी
16 दिसंबर 2025 को हुई पिछली कैबिनेट बैठक में सात निश्चय-3 (2025–2030) कार्यक्रम को स्वीकृति दी गई थी। इसका लक्ष्य बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना है। यह कार्यक्रम पहले के दो चरणों की सफलता के बाद शुरू किया गया है।
दोगुना रोजगार, दोगुनी आय का लक्ष्य
सात निश्चय-3 का पहला उद्देश्य प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करना है। 94 लाख गरीब परिवारों को रोजगार योजनाओं से जोड़ा जाएगा। महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता और ₹2 लाख तक का समर्थन दिया जाएगा।
उद्योग, निवेश और कृषि पर फोकस
सरकार अगले पांच वर्षों में ₹50 लाख करोड़ के निजी निवेश का लक्ष्य लेकर चल रही है। बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने और नई मिलें लगाने की योजना है। कृषि रोडमैप, मखाना उत्पादन, सिंचाई विस्तार और पंचायत स्तर पर दुग्ध बिक्री केंद्र भी इसमें शामिल हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी विकास
पुराने शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा और नई एजुकेशन सिटी विकसित होगी। स्वास्थ्य सेवाओं में प्रखंड अस्पतालों को स्पेशलिटी और जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी बनाने की योजना है। शहरी गरीबों के लिए सस्ते आवास और नए आधुनिक शहरों पर भी जोर रहेगा।
रोजगार को लेकर बड़े ऐलान की उम्मीद
नए साल की इस पहली कैबिनेट बैठक से खासतौर पर नौकरी और रोजगार से जुड़े बड़े फैसलों की उम्मीद की जा रही है। संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और नई भर्तियों पर चर्चा संभव मानी जा रही है।





