पटना (बिहार) में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों और बहनों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि देशवासियों को अपने घरों में वही चीजें उपयोग करनी चाहिए, जो देश में बनी हों, अपने लोगों द्वारा बनाई गई हों। बहनों ने भी रक्षाबंधन 2025 पर अपने भाइयों की कलाई पर केवल स्वदेशी राखी बांधने का संकल्प लिया।
मंत्री ने कहा कि हमें अपने कपड़े, मखाने, खिलौने जैसी चीजें स्थानीय रूप से खरीदनी चाहिए ताकि देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़े और हर व्यक्ति को रोजगार मिले।
भारतीय अर्थव्यवस्था अश्वमेघ का घोड़ा: शिवराज सिंह
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्दी ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने इसे अश्वमेघ का घोड़ा बताया जिसे कोई ताकत रोक नहीं सकती।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के “स्वदेशी अपनाओ” अभियान की सराहना की और कहा कि भारत सरकार ने विदेशी कृषि उत्पादों का विरोध कर भारतीय किसानों के हितों की रक्षा की है।