उत्तर प्रदेश के बरेली में तैनात सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में सनसनी मचा दी है। उन्होंने यह निर्णय UGC Regulations 2026 के विरोध और प्रयागराज माघ मेले में हुई एक विवादित घटना के चलते लिया है।
UGC Regulations 2026 :सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कारण
अलंकार अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि वह केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित UGC Regulations 2026 का विरोध करते हैं। साथ ही प्रयागराज माघ मेले में ज्योर्तिमठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के शिष्यों के साथ कथित मारपीट को उन्होंने गंभीर रूप से आपत्तिजनक बताया।

माघ मेले की घटना से आहत अधिकारी
अग्निहोत्री के अनुसार, माघ मेले के दौरान ब्राह्मण बटुक शिष्यों की शिखा पकड़कर मारपीट की गई, जिसे उन्होंने धार्मिक परंपराओं और आस्थाओं का अपमान करार दिया। उनका कहना है कि यह घटना समाज की संवेदनशीलता को ठेस पहुंचाने वाली है।
UGC Regulations 2026 पर कड़ा विरोध
इस्तीफे में उन्होंने नए यूजीसी नियमों को शिक्षा व्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताया। इन नियमों में आरक्षण व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया के केंद्रीकरण और पाठ्यक्रमों से सांस्कृतिक-धार्मिक विषयों को सीमित करने जैसे प्रावधान शामिल हैं, जिन पर देशभर में बहस छिड़ी हुई है।
आईटी सेक्टर से सिविल सेवा तक का सफर
2019 बैच के PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने सिविल सेवा में आने से पहले करीब 10 साल तक आईटी सेक्टर में काम किया था। उनका इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब UGC नियमों और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर देश में माहौल गर्म है।
सरकार की ओर से अब तक प्रतिक्रिया नहीं
इस पूरे मामले पर फिलहाल नियुक्ति विभाग या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। संबंधित अधिकारियों ने टिप्पणी करने से इनकार किया है।





